ओडिशा छात्रसंघ चुनावों में एबीवीपी की शानदार सफलता पर मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
ओडिशा छात्रसंघ चुनावों में एबीवीपी की शानदार सफलता पर मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई


रायपुर, 17 अक्टूबर (हि. स.)। ओडिशा में आठ वर्षों के अंतराल के बाद हुए छात्रसंघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की शानदार सफलता पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी विजयी उम्मीदवाराें एवं युवा साथियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री साय ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ओडिशा के छात्रसंघ चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न हुए, जबकि चुनाव प्रक्रिया का संचालन निर्वाचन आयोग के बजाय संबंधित शिक्षण संस्थानों ने किया। उन्होंने इस परिणाम को उन लोगों के लिए भी एक स्पष्ट संदेश बताया, जो चुनावी पराजय के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, जनादेश पर सवाल उठाना आसान है, लेकिन जनसेवा, निरंतर समर्पण और सकारात्मक कार्यों के माध्यम से जनता का विश्वास अर्जित करना ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है।

उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी नारों और आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर नेतृत्व की क्षमता, कार्यशैली और विचारों को महत्व देती है। ओडिशा के छात्रसंघ चुनावों के परिणाम युवाओं की इसी सोच को प्रतिबिंबित करते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी विजयी उम्मीदवाराें को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762612 Articles

Share this story