कबड्डी में अभिषेक का शानदार प्रदर्शन, राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

WhatsApp Channel Join Now
कबड्डी में अभिषेक का शानदार प्रदर्शन, राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन


सूरजपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर के कक्षा 12वीं के छात्र अभिषेक कुमार सिंह ने संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। अंबिकापुर में आयोजित संभागस्तरीय प्रतियोगिता में अभिषेक ने आज मंगलवार को अंडर-19 कबड्डी स्पर्धा में अपने खेल कौशल और जुझारूपन का प्रदर्शन किया।

अभिषेक के प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ताओं ने उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना है। आगामी राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता 3 अक्टूबर 2026 से बिलासपुर में प्रस्तावित है, जहां वह सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अभिषेक की उपलब्धि पर कलेक्टर रेना जमील ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अनुशासन और नियमित अभ्यास के जरिए अभिषेक ने विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।

अभिषेक की सफलता में माता-पिता के प्रोत्साहन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के खेल प्रभारी श्याम सिंह मरावी के नियमित प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खेल प्रभारी ने उन्हें खेल की तकनीक, रणनीति और अनुशासन को लेकर नियमित प्रशिक्षण दिया। विद्यालय के प्राचार्य पीसी सोनी ने भी अभिषेक और खेल प्रभारी को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story