चार साल से आधार के लिए भटक रहे 75 वर्षीय किसान को मिली राहत

WhatsApp Channel Join Now
चार साल से आधार के लिए भटक रहे 75 वर्षीय किसान को मिली राहत


तकनीकी अड़चनों के कारण बार-बार निरस्त हो रहा था आवेदन, आधार बनने के बाद सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का रास्ता साफ

बलरामपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत झलपी के 75 वर्षीय किसान वासुदेव गुप्ता पिछले चार वर्षों से आधार कार्ड बनवाने के लिए भटक रहे थे। कई बार नामांकन कराने के बाद भी तकनीकी कारणों से उनका आवेदन निरस्त हो जाता था। क्षेत्र के अलग-अलग आधार केंद्रों से लेकर अंबिकापुर स्थित आधार सेवा केंद्र तक प्रयास करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका था। आज शनिवार को आधार अपडेट होने के बाद उनकी वर्षों पुरानी परेशानी दूर हुई और अब उनके लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने का रास्ता साफ हो गया है।

महाराजगंज पोस्ट क्षेत्र के रहने वाले वासुदेव गुप्ता ने आधार बनवाने के लिए कई बार आवेदन किया। हर बार पावती के माध्यम से स्थिति की जांच करने पर आवेदन तकनीकी कारणों से निरस्त मिला। लगातार प्रयासों के बावजूद समाधान नहीं होने से उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद जिला आधार टीम और चिप्स कार्यालय की टीम ने तकनीकी अड़चनों की जांच शुरू की। ई-डीएम, डीसी और एमटीओ के समन्वय से समस्या का समाधान निकाला गया और वासुदेव गुप्ता का आधार सफलतापूर्वक अपडेट कर उन्हें सौंप दिया गया।

आधार मिलने के बाद अब किसान वासुदेव गुप्ता एग्री स्टैक में पंजीयन करा सकेंगे। इससे उन्हें धान विक्रय सहित किसानों के लिए संचालित अन्य योजनाओं से जुड़ने में सुविधा होगी। इसके अलावा पेंशन, राशन कार्ड की ई-केवाईसी, बैंकिंग सुविधाओं और ऋण संबंधी प्रक्रियाओं में भी आधार का उपयोग कर सकेंगे।

चार साल की भागदौड़ के बाद आधार कार्ड हाथ में मिलने पर वासुदेव गुप्ता ने राहत जताते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके लिए आधार महज पहचान का दस्तावेज नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं और जरूरी सुविधाओं तक पहुंच का जरिया बन गया है।

जिला प्रशासन की ओर से ऐसे मामलों में तकनीकी कारणों से लंबित या निरस्त होने वाले आधार प्रकरणों की पहचान कर उनके निराकरण पर जोर दिया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को पहचान संबंधी समस्या के कारण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न होना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story