रायपुर में आज से तीन दिवसीय यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 27 सितम्बर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के युवाओं में नवाचार, उद्यमिता और प्रौद्योगिकी के व्यवसायीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में तीन दिवसीय 'यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026' का शुभारंभ आज सोमवार को होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका करेंगे।

समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। कृषि विकास, किसान कल्याण एवं जैव प्रौद्योगिकी मंत्री रामविचार नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की ओर से आज से 30 सितम्बर तक आयोजित इस कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ सहित देशभर के 1,500 से अधिक युवाओं के शामिल होने की संभावना है। अब तक 1,200 से अधिक छात्र-छात्राओं, नवाचारकर्ताओं, स्टार्टअप उद्यमियों और उद्यमिता के इच्छुक युवाओं ने पंजीयन कराया है। इच्छुक प्रतिभागियों के लिए सोमवार को स्पॉट पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story