रायपुर : छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में हो रहा मतांतरण, नहीं हो रहा कानून का पालन
रायपुर, 17 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त संघचालक डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना ने शुक्रवार को संघ कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में मतांतरण हो रहा है। बस्तर में तो यह स्थिति किसी से छुपी नहीं है। इसके लिए संघ जागरुकता का काम कर रहा है। वहीं मतांतरित लोग श्मशान के लिए जमीन की मांग शुरू कर दी है। प्रदेश में कानून का पालन नहीं हो रहा है।
पूर्णेन्दु सक्सेना ने बताया कि नारायणपुर में 200 लोगों ने कलेक्टर को लिखकर श्मशान के लिए जमीन मांगी, जिसमें कहा गया कि वे इसाई बन गए हैं, उन्हें अलग श्मशान चाहिए। छत्तीसगढ़ में मतांतरण के कारण हिंसा हो रही है। मतांतरण होने के कारण आम लोग भी नाराज होकर हिंसा कर सकते हैं, इसमें संघ कार्यकर्ता हों, यह जरूरी नहीं है।
डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना ने बताया कि 12 से 14 मार्च को हरियाणा में अखिल भारतीय प्रतिनिधि मंडल की बैठक में आगामी रणनीति तय गई है। बैठक में 34 संगठनों के लोग मौजूद थे। कार्य विस्तार के लिए कार्यकर्ता लगे हुए हैं। संघ का कार्य सभी तक पहुंचे इसके लिए भी काम किया जा रहा है।
डॉ. सक्सेना ने कहा कि कुटुंब प्रबोधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पर्यावरण पर भी फोकस किया जा रहा है। जीवन में स्वदेशी का भाव आए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में संघ का कार्य प्रगति पर है। छत्तीसगढ़ में अभी 1142 स्थानों पर शाखाएं लग रही है। देश की स्थिति के बारे में भी बैठक में चर्चा की गई। देश प्रगति के साथ आगे बढ़ रहा है। स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति में भी देश आगे बढ़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।