कुसमुंडा मेगा परियोजना में बड़ा हादसा: 60 टन डंपर पलटा, ऑपरेटर घायल

WhatsApp Channel Join Now
कुसमुंडा मेगा परियोजना में बड़ा हादसा: 60 टन डंपर पलटा, ऑपरेटर घायल


काेरबा, 24 मई (हि.स.)। एसईसीएल की साउथ इस्टर्न काेलफील्ड लिमिटेड की कुसमुंडा मेगा परियोजना में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कोयला फेस में डंपिंग करने गया 60 टन वजनी डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डंपर ऑपरेटर राघवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑपरेटर राघवेंद्र डंपर लेकर कोयला फेस में डंपिंग कार्य के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और डंपर फिसलते हुए नीचे जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर ऊपर से स्लाइड होते हुए तीन बार पलटा और फिर नीचे जाकर सीधा हो गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान ऑपरेटर राघवेंद्र ने सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि गिरने के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौके पर जुट गए। परियोजना के अधिकारी और तकनीकी अमला भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त डंपर को क्रेन की सहायता से काफी मशक्कत के बाद सीधा किया गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय आसपास कोई अन्य कर्मचारी या वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद कर्मचारियों ने खदान प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि खदानों में सुरक्षा के नाम पर केवल औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं। कोयला फेस की ढलान, डंपिंग पॉइंट की मजबूती तथा भारी वाहनों की नियमित जांच में लापरवाही बरती जा रही है।

कर्मचारियों का कहना है कि हर वर्ष सेफ्टी वीक और जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सुरक्षा मानकों का पालन प्रभावी ढंग से नहीं हो रहा। वहीं बारिश के मौसम में कोयला फेस पर फिसलन बढ़ने के बावजूद पर्याप्त सावधानी नहीं बरती जा रही है।

कर्मचारी संगठनों ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि उत्पादन बढ़ाने के दबाव में कई बार सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जाती है, जिसका खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ता है।

मृत्युंजय पांडे ने बताया कि कुसमुंडा परियोजना क्षेत्र में डंपर पलटने की सूचना प्राप्त हुई थी। हादसे में घायल ऑपरेटर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जानकारी ली जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story