कुरुद ब्लाॅक के ग्राम मड़ेली में फैला डायरिया, 126 से अधिक प्रभावित, एक की मौत

कुरुद ब्लाॅक के ग्राम मड़ेली में फैला डायरिया, 126 से अधिक प्रभावित, एक की मौत


चार दिन में 126 मरीज मिले, शिविर सहित अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं मरीज

धमतरी, 23 सितंबर (हि.स.)। कुरुद ब्लाॅक के ग्राम मडेली में दूषित पानी ने ग्रामणोंाक चपेट में ले लिया। यहां चार दिनों से डायरिया फैला हुआ है। जिससे शुक्रवार को एक सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। वहीं यहां अब तक 126 महिला पुरुष, और बच्चे सहित पीड़ित हैं। जिसका गांव के शिविर के अलावा सिविल अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती करा उपचार किया जा रहा है। डायरिया फैलने की वजह पेयजल आपूर्ति के लिए लगाए गए पाइप लाइन लीकेज को बताया गया है।

कुरुद विकासखंड के ग्राम मड़ेली में 19 सितंबर को भैसबोड़ मार्ग के चार लोगों को डायरिया की शिकायत हुई। जो धीरे धीरे बढ़ती गई। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को होने पर चिकित्सकों की टीम गांव पहुंची और यहां शिविर लगाया गया। गांव में डायरिया फैलते गया। शुक्रवार को भाठापारा में एक सात साल की बच्ची महक पुत्री मुरली राम यादव की मौत हो गई। वहीं अब तक यहां 126 लोग डायरिया से पीड़ित हैं। जिसमें महिला, पुरुष एवं बच्चे शामिल हैं। जिसका 11 लोगों का उपचार मड़ेली के समरसता भवन जारी है।

गांव में अचानक फैली डायरिया की जानकारी जनपद अध्यक्ष शारदा साहू ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव को दी है। पीड़ित व्यक्तियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। कलेक्टर पीएस एल्मा ने स्वास्थ्य अमले को निर्देश जारी किया है कि वे स्थिति नियंत्रण में रखने का प्रयास करें। कुरुद बीएमओ डाॅ. यूएस नवरत्न, डाॅ. विजय फूलमाली, डाॅ. प्रवीर चन्द्राकर, डाॅ. बंगानी, रोहित पांडे, सहित एनएम, नर्स, मितानिन सभी डायरिया को नियंत्रित करने जुटे हुए हैं।

डायरिया फैलने की वजह पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई नलजल पाइप लाइन के जगह जगह लिकेज को बताया जा रहा है। जिसके माध्यम से सप्लाई हुए प्रदूषित पानी पीने से डायरिया फैला है। पीएचई विभाग ने पानी टंकी से पेयजल आपूर्ति बंद कर लिकेज पाइप लाईन को सुधारने में जुटा है। लोगों को शुद्ध पेयजल देने चार पानी टैंकर की व्यवस्था की गई है। इधर ग्रामीणों ने पंचायत पर आरोप लगाया है कि गांव के सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े का ढेर रहता है, सफाई नहीं होती। इससे संक्रमित बीमारी फैलती है। भाजपा सिर्री मंडल प्रभारी भानू चन्द्राकर ने कहा कि शासन प्रशासन के द्वारा सिर्फ़ खाना पूर्ति किया जा रहा है। आज इतनी गंभीर बीमारी फैली है जनपद अध्यक्ष और ज़िला पंचायत अध्यक्ष का गांव है। एक बच्चे की मौत हो गई जो चिंता का विषय है। गांव में साफ़ पानी एवं स्वच्छता पर ध्यान दिया जाए।

बच्ची की मौत निमोनिया से : बीएमओ

बीएमओ कुरुद डाॅ. यूएस नवरत्न ने कहा कि बच्ची की मौत डायरिया से नहीं हुई है। उसे खून की कमी थी। बच्ची को दस्त हो रहा था। स्वजन बच्ची का उपचार निजी अस्पताल में करा रहे थे। जिसे शुक्रवार को शिविर में लाया गया। तब तक काफी देर हो चुकी थी। शाम पांच बजे तक के 18 मरीज मिले जिसमें सात लोगों को भर्ती कराया गया है।

सीएमओ धमतरी डाॅ. डीके तुर्रे ने कहा कि ग्राम मड़ेली में स्थिति नियंत्रण में है। 126 में से 25 लोगाें का उपचार चल रहा है। बाकी स्वस्थ् हैं, कुछ घर में दवा ले रहे हैं। गांव में दवा का वितरण किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story