छत्तीसगढ़ -भारत जोड़ो पदयात्रा में मुख्यमंत्री सहित 324 पदयात्री होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ -भारत जोड़ो पदयात्रा में मुख्यमंत्री सहित 324 पदयात्री होंगे शामिल


रायपुर, 23 नवंबर (हि.स.)।कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव सहित 324 पदयात्री रूप से शामिल होंगे।वे छत्तीसगढ़ की सात नदियों का पानी लेकर कांग्रेस नेता जाएंगे। इसमें प्रदेश के 324 पदयात्री शामिल होंगे। उक्त जानकारी प्रदेश महामंत्री संगठन अमरजीत चावला ने दी है।उन्होंने बताया है कि छत्तीसगढ़ के पदयात्रियों का जत्था 26 और 27 नवंबर को खंडवा जिले के मोरटक्का से इंदौर तक की पदयात्रा करेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से कांग्रेस पदाधिकारी अपने साथ अरपा, पैरी, सोंढूर, हसदेव, शिवनाथ, इंद्रावती और महानदी का जल और कलश में यहां की मिट्टी लेकर जाएंगे। यात्रा मार्ग पर इस मिट्टी और जल का उपयोग कर राहुल गांधी भारत जोड़ो संकल्प के साथ पौधरोपण करेंगे।

पहले यह पदयात्रा खरगोन जिले के खेरदा गांव से शुरू होनी थी। यात्रा के लिए छत्तीसगढ़ को 26, 27 और 28 नवंबर का दिन मिला था। अब इंदौर पहुंचने के बाद 28 नवंबर को यात्रा से एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है। इसकी वजह से यात्रा में छत्तीसगढ़ का समय कम हुआ है।कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के 19 नेता 26 और 27 नवंबर को दोनों दिन पदयात्रा में शामिल होंगे। बाकी 305 लोग 26 अथवा 27 नवंबर में किसी एक दिन पदयात्रा का हिस्सा बन सकेंगे। सह प्रभारी डा. चंदन यादव, सप्तगिरी शंकर उलका, सांसद केटीएस तुलसी, रंजीत रंजन, राजीव शुक्ला, फूलोदेवी नेताम,दीपक बैज के साथ- साथ संगठन महामंत्री अमरजीत चावला, पीसीसी कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, सीएमडीसी के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, सफी अहमद, राकेश गुप्ता, पंकज महावर और पूर्णचंद कोको पाढ़ी भी पदयात्रा में शामिल होंगे ।

हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story