जांजगीर-चांपा में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने फहराया तिरंगा
जांजगीर-चांपा, 15 अगस्त (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय जांजगीर के शासकीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के बाद मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव और उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य समारोह के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, देश की एकता और स्वतंत्रता संग्राम की भावना को जीवंत किया।
परेड सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल जांजगीर ने प्रथम स्थान हासिल किया। एनसीसी बालिका टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर को द्वितीय और एनसीसी बालक टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर को तृतीय स्थान मिला। परेड जूनियर वर्ग में एनसीसी ज्ञानदीप उमावि जांजगीर ने प्रथम, एनसीसी 325 ट्रूप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर बालक ने द्वितीय तथा एनसीसी सेजेस क्रमांक-1 बालिका जांजगीर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गाइड दल में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गट्टानी जांजगीर ने प्रथम और शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय जांजगीर ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ज्ञानदीप उमावि जांजगीर द्वितीय और सेजेस चांपा तृतीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 जांजगीर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।
मुख्य समारोह में जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी समारोह में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सतीश सिंह एवं दीपक यादव ने किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरे जिले में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने को मिला।
शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय के कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर अमर जवानों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के बलिदान को नमन किया।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

