शिव स्तुति पर आठ वर्षीय आनंदिता का अद्भुत कथक, चक्रधर समारोह में गूंजीं खूब तालियां

WhatsApp Channel Join Now
शिव स्तुति पर आठ वर्षीय आनंदिता का अद्भुत कथक, चक्रधर समारोह में गूंजीं खूब तालियां


रायगढ़ 21 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में आयाेजित 41वें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह-2026 की सातवीं सांस्कृतिक संध्या में रायपुर की मात्र 8 वर्षीय कथक नृत्यांगना आनंदिता तिवारी ने अपनी विलक्षण प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कक्षा तीसरी की छात्रा आनंदिता ने आदि शंकराचार्य रचित ‘शिव पंचाक्षरी स्तोत्र’ की कथक शैली में भावपूर्ण प्रस्तुति देकर भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा को जीवंत कर दिया।

लखनऊ घराने की शैली में प्रशिक्षित आनंदिता पिछले चार वर्षों से गुरु तरुण कुमार शर्मा के सान्निध्य में कथक का अभ्यास कर रही हैं। शिव स्तुति के बाद उन्होंने तीन ताल एवं देश राग पर आधारित तराना प्रस्तुत किया, जिसमें उनकी लयबद्धता, भावाभिव्यक्ति और तकनीकी दक्षता ने दर्शकों की भरपूर सराहना बटोरी।

कम उम्र में ही आनंदिता देशभर के 14 प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्हें बाल नृत्यकला उदय सम्मान, कौशल कला सम्मान, स्वर्ण नृत्य मंगलम पुरस्कार, मंगलम महोत्सव सम्मान, नटवर गोपीकृष्ण नेशनल अवॉर्ड, दीप्तिमान सम्मान तथा कला गौरव रत्न सम्मान सहित अनेक राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

चक्रधर समारोह में आनंदिता की प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि भारत की सांस्कृतिक विरासत नई पीढ़ी की प्रतिभाओं के हाथों और अधिक समृद्ध एवं गौरवशाली बन रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story