कोरबा: सीईआईआर पोर्टल से 75 गुम मोबाइल बरामद, पुलिस ने मालिकों को लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा: सीईआईआर पोर्टल से 75 गुम मोबाइल बरामद, पुलिस ने मालिकों को लौटाए


कोरबा, 5 मई (हि. स.)। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर पुलिस थाना कोरबा की टीम ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की सहायता से 75 गुम मोबाइल फोन बरामद कर आज मंगलवार को उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 11 लाख 50 हजार रुपयै आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। साइबर सेल एवं जिले के विभिन्न थाना-चौकी स्टाफ के संयुक्त प्रयास से इन मोबाइल फोन को अलग-अलग जिलों और राज्यों से ट्रेस कर बरामद किया गया।

बरामद मोबाइल एप्पल, सैमसंग, वाेप्पाे, वीवाे, रेडमी, रियलमी एवं वन प्लस जैसी कंपनियों के हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर गुम हो गए थे। तकनीकी विश्लेषण और सीईआईआर पोर्टल के जरिए इनकी लोकेशन ट्रैक कर इन्हें वापस प्राप्त किया गया। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय सोनवानी एवं साइबर टीम की विशेष भूमिका रही।

मंगलवार को साइबर पुलिस थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सभी 75 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन कोरबा पुलिस की सक्रियता से उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि “कोरबा पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करना है। ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत साइबर टीम लगातार तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन ट्रेस कर रही है। आमजन से अपील है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके।”

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story