कोरबा में सात साल की मासूम की हत्या मामले में आरोपित गिरफ्तार, एसपी ने दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में सात साल की मासूम की हत्या मामले में आरोपित गिरफ्तार, एसपी ने दी जानकारी


कोरबा में सात साल की मासूम की हत्या मामले में आरोपित गिरफ्तार, एसपी ने दी जानकारी


कोरबा, 23 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बालिका के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि बालिका का शव मिलने के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपित अमित चौहान को गिरफ्तार कर लिया। सीसीटीवी फुटेज, लास्ट सीन थ्योरी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने बांगो थाना क्षेत्र के सुदूर जंगल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि 19 अक्टूबर को रजगामार क्षेत्र से नाबालिग बालिका अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की थी। पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार बालिका की खोजबीन में जुटी हुई थीं।

लगातार सर्चिंग के दौरान 22 अक्टूबर को रजगामार पुरानी बस्ती के पीछे पुराने ईंट-भट्ठे के समीप जंगल में बालिका का शव बरामद हुआ। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही बालिका को अंतिम बार किसके साथ देखा गया था, इसकी जानकारी जुटाई गई। लास्ट सीन थ्योरी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अमित चौहान की पहचान संदेही के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी तलाश में अभियान चलाया और बांगो थाना क्षेत्र के सुदूर जंगल से उसे गिरफ्तार कर लिया।

प्रकरण में प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 66 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डॉक्टरी परीक्षण के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को पकड़ने में सफलता हासिल की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

मासूम बालिका की हत्या की घटना से कोरबा जिले में आक्रोश और शोक का माहौल है। वहीं, पुलिस की ओर से आरोपित को गिरफ्तार किए जाने के बाद अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story