साक्षरता मूल्यांकन महापरीक्षा में जिले के सभी 6,984 शिक्षार्थी हुए शामिल
बलरामपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आज सोमवार को आयोजित बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा (एफएलएनएटी) में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की। उल्लास पोर्टल पर पंजीकृत सभी 6,984 शिक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। इनमें 4,339 महिलाएं और 2,645 पुरुष शामिल रहे।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित यह राज्यव्यापी महापरीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक हुई। शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान की पहल के तहत आयोजित परीक्षा के लिए जिले में कुल 480 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
विकासखंड बलरामपुर में 81, कुसमी में 82, राजपुर में 66, रामचंद्रपुर में 116, शंकरगढ़ में 75 और वाड्रफनगर में 60 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर पंजीकृत शिक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

