जांजगीर-चांपा में जब्त और राजसात 65 वाहनों की हुई सार्वजनिक नीलामी, पुलिस को मिले 9.24 लाख रुपये

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में जब्त और राजसात 65 वाहनों की हुई सार्वजनिक नीलामी, पुलिस को मिले 9.24 लाख रुपये


जांजगीर-चांपा, 18 जून (हि. स.)। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में जब्त एवं राजसात किए गए वाहनों की सार्वजनिक नीलामी आज गुरुवार काे सफलतापूर्वक संपन्न की गई। पुलिस लाइन जांजगीर में आयोजित इस नीलामी प्रक्रिया में कुल 65 वाहनों का विक्रय किया गया, जिससे पुलिस प्रशासन को 9 लाख 24 हजार 760 रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम, नारकोटिक्स एक्ट तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत जब्त और न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद राजसात किए गए वाहनों को नीलामी के लिए रखा गया था। नीलामी में कुल 64 वाहन और एक अलग लॉट में 10 मोटरसाइकिलों को शामिल किया गया।

नीलामी में शामिल वाहनों में 58 मोटरसाइकिल, एक ऑटो, एक साइकिल तथा चार चार पहिया वाहन शामिल थे। सार्वजनिक नीलामी में कुल सात बोलीकर्ताओं ने अंतिम चरण तक भाग लिया और विभिन्न वाहनों के लिए प्रतिस्पर्धी बोली लगाई।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि पूरी नीलामी प्रक्रिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप की अध्यक्षता में गठित समिति की निगरानी में संपन्न हुई।

नीलामी के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पूर्ण रूप से पालन किया गया। सभी वाहनों का मूल्यांकन और विक्रय शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया।

नीलामी के माध्यम से कुल 9,24,760 रुपये की बोली प्राप्त हुई, जिससे राजसात संपत्तियों का सफलतापूर्वक निष्पादन करते हुए शासन को राजस्व प्राप्त हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से लंबे समय से थाना परिसरों और पुलिस लाइन में खड़े वाहनों का निष्पादन होता है तथा राजस्व संग्रहण में भी मदद मिलती है।

जांजगीर-चांपा पुलिस की इस कार्रवाई को प्रशासनिक पारदर्शिता और राजसात संपत्तियों के प्रभावी प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story