पायलीखंड खदान से हीरे चोरी कर बेचने निकला 64 वर्षीय आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पायलीखंड खदान से हीरे चोरी कर बेचने निकला 64 वर्षीय आरोपित गिरफ्तार


पायलीखंड खदान से हीरे चोरी कर बेचने निकला 64 वर्षीय आरोपित गिरफ्तार


धमतरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 10.15 लाख रुपये का मशरूका जब्त; 146 नग हीरे जैसे बहुमूल्य पत्थर बरामद

धमतरी , 19 अक्टूबर (हि.स.)। गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से हीरे चोरी कर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे 64 वर्षीय आरोपित को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साइबर थाना धमतरी और बिरेझर पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ा। उसके कब्जे से 146 नग बहुमूल्य हीरे जैसे पत्थर बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम है।

पुलिस ने मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 10 लाख 15 हजार 200 रुपये का अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में चोरी, अवैध गतिविधियों और खनिज संपदा की अवैध खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर को जुर्म-जरायम पतासाजी एवं पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य हीरे लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना मिलते ही बिरेझर पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपना नाम विनोद अग्रवाल, उम्र 64 वर्ष, निवासी केके वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पालीथिन में रखे नीले एवं फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपित ने कथित तौर पर इन पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना और अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशना स्वीकार किया। मामले में खान एवं खनिज अधिनियम की धारा तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत अपराध पाए जाने पर 19 अक्टूबर को आरोपित को विधिवत गिरफ्तार किया गया। जब्त पत्थरों की अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपित के कब्जे से दो सक्रिय सिम वाला 5जी मोबाइल फोन, और 2,200 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती की कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा साेमवार काे आरोपित को न्यायालय, कुरुद के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763674 Articles

Share this story