बस्तर के 6286 विद्यार्थियों ने द्वितीय मॉक टेस्ट दिखाई प्रतिभा, छात्रवृत्ति की राह होगी आसान

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर के 6286 विद्यार्थियों ने द्वितीय मॉक टेस्ट दिखाई प्रतिभा, छात्रवृत्ति की राह होगी आसान


जगदलपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में राष्ट्रीय शिक्षा विभाग द्वारा साधन-सह-प्रवीणता छात्रवृत्ति परीक्षा की मजबूत तैयारी के उद्देश्य से कलेक्टर आकाश छिकारा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना के मार्गदर्शन में शुक्रवार को द्वितीय मॉक टेस्ट का सफल आयोजन किया गया।

इससे पहले 20 अगस्त को प्रथम मॉक टेस्ट संपन्न कराया गया था। इस अभ्यास परीक्षा की मुख्य मंशा विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा के पैटर्न से रूबरू कराकर उनके भीतर आत्मविश्वास का संचार करना है। परीक्षा में सफल होने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को केंद्र सरकार द्वारा आगे की पढ़ाई के लिए एक हजार रूपये प्रति माह की दर से छात्रवृत्ति दी जाती है, जिससे जरूरतमंद व मेधावी बच्चों को आर्थिक संबल मिल सके।

उक्त आयोजित द्वितीय मॉक टेस्ट में जिले के सातों विकासखंडों से कुल 6 हजार 967 पात्र विद्यार्थियों में से 6 हजार 286 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 681 विद्यार्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए। विकासखंडवार उपस्थिति के अंतर्गत बस्तर ब्लॉक में सर्वाधिक 1 हजार 610 पात्र विद्यार्थियों में से 1 हजार 517 ने परीक्षा दी तथा 93 अनुपस्थित रहे। वहीं बकावंड में 1 हजार 318 में से 1 हजार 232 उपस्थित और 86 अनुपस्थित रहे। जगदलपुर ब्लॉक में कुल 1 हजार 098 पात्रों में से 990 परीक्षार्थियों ने भाग लिया व 108 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार लोहंडीगुड़ा में 966 में से 827 उपस्थित और 139 अनुपस्थित, तोकापाल में 849 में से 780 उपस्थित और 69 अनुपस्थित, दरभा में 682 में से 587 उपस्थित और 95 अनुपस्थित तथा बास्तानार विकासखंड में 444 में से 353 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 91 अनुपस्थित पाए गए।

जिला प्रशासन के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस व्यापक अभ्यास से दूरदराज के क्षेत्रों में अध्ययनरत ग्रामीण बच्चों को मुख्य प्रतियोगी परीक्षा के लिए आवश्यक तैयारी को प्रदर्शित करने का अवसर मिला जिससे वे भविष्य में बेहतर परिणाम अर्जित कर सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story