जांजगीर-चांपा : शराब आरोपिताें को पैसे लेकर छोड़ने के मामले में छह पुलिसकर्मी निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा : शराब आरोपिताें को पैसे लेकर छोड़ने के मामले में छह पुलिसकर्मी निलंबित


जांजगीर-चांपा, 16 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस विभाग में कथित भ्रष्टाचार और अवैध लेन-देन के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। शराब बिक्री के आरोपिताें को पैसे लेकर छोड़ने के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने साेमवार काे थाना सारागांव में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित छह पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की आगे की जांच नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को सौंपी गई है।

मामला 11 नवंबर को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर को संज्ञान में लेकर गंभीरता से लेते हुए एसपी ने नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर से इसकी जांच कराई थी। जांच में सामने आया कि 4 नवंबर 2026 को आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत दर्ज मामले में आरोपित गोपाल से थाना सारागांव में पदस्थ छह पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से रकम का लेन-देन किया गया था।

जांच में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद आज एसपी ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक क्रमांक 361 अर्जुन जांगड़े, आरक्षक क्रमांक 22 दीपक सिंह, आरक्षक क्रमांक 05 शंकर जयकिशन, आरक्षक क्रमांक 495 सुनील रमन और आरक्षक क्रमांक 11 गोवर्धन टाईगर को निलंबित कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक ने सीएमपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में प्रकाशित खबर के तथ्यों और स्रोत की जानकारी के लिए संबंधित मीडियाकर्मी का बयान दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही आरोपित गोपाल गोंड़ से कथित रकम के लेन-देन के संबंध में पूछताछ कर उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा।

मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज कर उनकी भूमिका की जांच भी की जाएगी। यदि पुलिस और आरोपित के बीच लेन-देन में किसी अन्य व्यक्ति की मध्यस्थता के साक्ष्य मिलते हैं, तो उसका भी बयान दर्ज किया जाएगा।

एसपी ने निर्देश दिए हैं कि जांच में भ्रष्टाचार और अवैध लेन-देन के आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विधिसम्मत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाए और जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध लेन-देन और अनुचित गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है। मामले की जांच निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपों की पुष्टि होने पर किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story