आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय : अशोक बजाज

WhatsApp Channel Join Now
आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय : अशोक बजाज


धमतरी, 24 जून (हि.स.)। आपातकाल की 50 वीं वर्षगांठ पर बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय गोविंद सारंग भवन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि, नई पीढ़ी को उस दौर की वास्तविकताओं और लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष से अवगत कराना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि, वर्ष 1975 में देश में आपातकाल लागू होने के बाद नागरिकों के मौलिक अधिकार निलंबित कर दिए गए, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रभावित हुई और समाचार पत्रों पर सेंसरशिप लगा दी गई। उस समय लोकनायक जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मोरारजी देसाई, जार्ज फर्नांडिस और नानाजी देशमुख सहित हजारों विपक्षी नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेलों में डाला गया था। बजाज ने कहा कि धमतरी सहित पूरे देश में लोकतंत्र सेनानियों ने संघर्ष किया, जिसके कारण लोकतंत्र की पुनर्स्थापना संभव हो सकी।

उन्होंने कहा कि, 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य नई पीढ़ी को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के प्रति जागरूक करना है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के लिए एक चेतावनी है। लोकतंत्र अपने आप सुरक्षित नहीं रहता, बल्कि इसकी रक्षा के लिए निरंतर जागरूकता और संघर्ष आवश्यक है। लोकतंत्र सेनानियों का योगदान राष्ट्र हमेशा याद रखेगा। इस दौरान जिला महामंत्री राकेश साहू, जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू, जिला कार्यालय मंत्री विजय साहू एवं भोथली मंडल महामंत्री आनंद मेश्राम प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story