150 से अधिक लोगों की जांच, टीबी के 50 संदिग्ध मरीज मिले

WhatsApp Channel Join Now
150 से अधिक लोगों की जांच, टीबी के 50 संदिग्ध मरीज मिले


धमतरी, 02 सितंबर (हि.स.)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शहर में लगाए जा रहे आयुष्मान आरोग्य शिविरों में जांच का दायरा बढ़ने के साथ टीबी संदिग्ध मरीज भी सामने आ रहे हैं। मंगलवार को मराठापारा और बुधवार को सदर दक्षिण वार्ड में लगे शिविरों में 150 से अधिक लोगों की जांच की गई, जिसमें करीब 50 मरीज टीबी संदिग्ध मिले। संदिग्ध मरीजों को आगे की जांच और उपचार के लिए आवश्यक परामर्श देते हुए जिला अस्पताल रिफर किया गया।

मंगलवार को मराठापारा में आयोजित शिविर में 93 लोगों की जांच की गई थी, जिसमें 31 संदिग्ध मरीज मिले। वहीं बुधवार को सदर दक्षिण वार्ड के रानी बगीचा स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में 55 से अधिक लोगों की जांच हुई, जिसमें 19 संदिग्ध चिन्हित किए गए। दोनों शिविरों में नागरिकों को टीबी जांच के साथ निश्शुल्क एक्स-रे और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

जानकारी के अनुसार अभियान के तहत तीन सितंबर को रामपुर वार्ड के सामुदायिक भवन में आयुष्मान आरोग्य शिविर लगाया जाएगा। इसमें टीबी की पहचान के लिए एक्स-रे जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों को टीबी के लक्षणों और समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक भी करेगी।

इस शिविर में टीबी सुपरवाइजर बसंत कुमार साहू, एक्स-रे टेक्नीशियन कैलाश साहू, कृष्ण कुमार, मितानिन अनीता कृदत्त, सायरा खान, दुर्गा ध्रुव, एएनएम मनीषा सिन्हा, सिमरन ध्रुव, सावित्री पांडेय, गोमती, सुशीला, शांता सहित वार्डवासी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story