जांजगीर-चांपा से 50 सदस्यीय स्काउट-गाइड दल पचमढ़ी रवाना, पर्वतारोहण और आपदा प्रबंधन शिविर में दिखाएंगे हुनर

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा से 50 सदस्यीय स्काउट-गाइड दल पचमढ़ी रवाना, पर्वतारोहण और आपदा प्रबंधन शिविर में दिखाएंगे हुनर


जांजगीर-चांपा, 11 नवंबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले से 50 सदस्यीय स्काउट-गाइड दल मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में आयोजित राज्यस्तरीय पर्वतारोहण, व्यक्तित्व विकास एवं आपदा प्रबंधन शिविर में शामिल होने के लिए आज बुधवार काे रवाना हो गया है। 12 नवंबर से 16 नवंबर तक राष्ट्रीय साहसिक संस्थान पचमढ़ी में आयोजित इस शिविर में जिले के विद्यार्थी पर्वतारोहण, नेतृत्व क्षमता और आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के वित्तीय अनुदान एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राज्य मुख्यालय के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और देशप्रेम की भावना विकसित करना है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को ट्रेकिंग, व्यक्तित्व निर्माण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और प्रशिक्षण दिया जाएगा।

11 नवंबर को जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर सभी प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग के बाद जिला सचिव दीपक कुमार यादव एवं जिला संगठन आयुक्त कु. श्वेता जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया गया। दल हसदेव एक्सप्रेस से बिलासपुर और वहां से नर्मदा एक्सप्रेस के माध्यम से पिपरिया पहुंचकर पचमढ़ी के शिविर स्थल के लिए रवाना हुआ।

इस साहसिक यात्रा के लिए दल को राज्य उपाध्यक्ष कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, जिला मुख्य आयुक्त हितेश यादव तथा जिला शिक्षा अधिकारी एमपी सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है।

50 सदस्यीय दल में प्रभारी के रूप में भारतीय विद्या मंदिर लगरा के रोवर लीडर प्रभाव वानी, लायंस स्कूल चांपा की शिक्षिका मधु पांडे, शासकीय हाई स्कूल रसौटा के व्याख्याता परमेश्वर सिंह टेकाम, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहरिया की सहायक शिक्षिका वि. नंदनी यादव और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोखरा के शिक्षक पूरनलाल पटेल शामिल हैं।

दल में जिले के विभिन्न विद्यालयों और ओपन रोवर-रेंजर टीमों के स्काउट, गाइड, रोवर और रेंजर विद्यार्थी भी शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों में इस साहसिक शिविर को लेकर खासा उत्साह है। शिविर के माध्यम से विद्यार्थी न केवल अपने साहसिक कौशल को निखारेंगे, बल्कि कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने, टीम भावना के साथ काम करने और आपातकालीन हालात से निपटने की क्षमता भी विकसित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775535 Articles

Share this story