जांजगीर-चांपा में पशु क्रूरता: मनकादाई मंदिर तालाब में 50 किलो के कछुए पर हमला, गंभीर घायल
जांजगीर-चांपा, 03 मई (हि. स.)। जिले से पशु क्रूरता का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम खोखरा स्थित मनकादाई मंदिर परिसर के तालाब में एक विशालकाय कछुए पर अज्ञात लोगों द्वारा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, आज रविवार काे करीब 50 किलो वजनी कछुआ तालाब किनारे सामान्य रूप से विचरण कर रहा था, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में कछुए को गंभीर चोटें आईं और वह तड़पता हुआ तालाब में चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कछुए को तालाब से बाहर निकालकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया।
घायल कछुए के उपचार के लिए तत्काल पशु विभाग से संपर्क किया गया। बताया गया कि पशु विभाग के डॉक्टर ओगरे को सूचना दी गई, लेकिन उन्होंने इसे मछली विभाग का मामला बताते हुए इलाज करने से इनकार कर दिया। विभागों के बीच जिम्मेदारी को लेकर हुई इस टालमटोल के कारण कछुए को समय पर उपचार नहीं मिल सका, जिससे उसकी हालत और चिंताजनक बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस कछुए को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई हो। इससे पहले भी उसे नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इस बार हमला बेहद गंभीर रहा।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही घायल कछुए के तत्काल इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई जा रही है।
यह घटना न केवल पशु क्रूरता का उदाहरण है, बल्कि संबंधित विभागों की लापरवाही और समन्वय की कमी को भी उजागर करती है, जिससे एक बेजुबान जीव की जान पर बन आई है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

