छत्तीसगढ़ के कांकेर में पांच किलो वजनी एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ के कांकेर में पांच किलो वजनी एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद


कांकेर , 14 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में थाना छोटेबेठिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टेकमीटोला के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान आज रविवार काे सुरक्षाबलाें ने लगभग 5 किलोग्राम वजनी एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया है, जिसे बीडीएस की टीम ने सुरक्षित तरीके से माैके पर ही विस्फाेट कर नष्ट कर दिया। कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने इसकी पुष्टि की है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी एवं 94वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी रविन्द्र सिंह चंदेल के मार्गदर्शन में जिले के नक्सल प्रभावित रहे अंदरूनी क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आज 14 जून को जिला पुलिस, बीएसएफ एवं बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की संयुक्त टीम टेकमीटोला के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग कर रही थी। इस दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया। संभावित खतरे को देखते हुए बीडीएस टीम ने मौके पर ही आईईडी को विस्फाेट कर सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story