491 अभ्यर्थियों ने दी पीएटी-पीवीपीटी प्रवेश परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
491 अभ्यर्थियों ने दी पीएटी-पीवीपीटी प्रवेश परीक्षा


491 अभ्यर्थियों ने दी पीएटी-पीवीपीटी प्रवेश परीक्षा


धमतरी, 28 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ व्यापमं द्वारा आयोजित प्री एग्रीकल्चर टेस्ट (पीएटी) एवं प्री वेटरनरी पालिटेक्निक टेस्ट (पीवीपीटी) प्रवेश परीक्षा 28 जून को जिले के दो परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। कुल 672 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 491 परीक्षा में शामिल हुए, वहीं 181 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सुबह साढ़े सात बजे से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। सघन जांच और मूल पहचान पत्र के सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।

रविवार को आयोजित पीएटी एवं पीवीपीटी प्रवेश परीक्षा में व्यापमं के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों पर ड्रेस कोड का सख्ती से पालन कराया गया। गहरे रंग के कपड़े, फुल आस्तीन की शर्ट, बेल्ट, जूते, घड़ी और कान के आभूषण पहनकर पहुंचे अभ्यर्थियों की जांच की गई। निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर अभ्यर्थियों को कपड़े बदलने और आभूषण उतारने के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। सुरक्षा जांच के दौरान महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों से कान की बालियां भी उतरवाई गई। गेट बंद होने के बाद पहुंचे अभ्यर्थियों को समन्वयक केंद्र प्रभारी एवं प्राचार्य डा. विनोद कुमार पाठक ने व्यापमं के नियमों के चलते प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी।

जिले के बीसीएस पीजी कालेज में पंजीकृत 343 में से 208 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं 135 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह शासकीय नारायण राव मेघावाले परीक्षा केंद्र में पंजीकृत 329 में से 283 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं 46 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार प्रश्नपत्र सरल था और अधिकांश प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम से पूछे गए थे। परीक्षा में कुल 150 प्रश्न पूछे गए थे। जिसमें भौतिकी और रसायन विज्ञान के 50-50 प्रश्न अनिवार्य थे। इसके अलावा अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान चयनित विषय के अनुसार गणित या जीव विज्ञान के प्रश्नों के उत्तर ओएमआर शीट में अंकित करने थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story