अंबिकापुर: अवैध धान कारोबार पर शिकंजा, प्रशासन ने 460.80 क्विंटल धान किया जब्त
अंबिकापुर, 10 जनवरी (हि.स.)। सरगुजा जिले में अवैध धान संग्रहण और गैरकानूनी कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में शनिवार काे खाद्य विभाग एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाते हुए विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की और बड़ी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त किया।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन कर धान का भंडारण पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई में हनुमंत ट्रेडर्स, असोला से 288 क्विंटल, केसरवानी ट्रेडर्स, परसा से 116 क्विंटल तथा विकास ट्रेडर्स, सोनपुरकला से 56.80 क्विंटल धान जप्त किया गया। इस प्रकार कुल 460.80 क्विंटल अवैध धान प्रशासन द्वारा अपने कब्जे में लिया गया है।
संयुक्त टीम ने मौके पर संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की तथा जप्त धान को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई शासन के निर्देशानुसार धान खरीद व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध भंडारण एवं व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान संग्रहण, परिवहन या कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही व्यापारियों से अपील की गई है कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करें, अन्यथा कठोर दंडात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

