धमतरी :सांसद खेल महोत्सव में 465 खिलाड़ियों ने दिखाई खेल प्रतिभा

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी :सांसद खेल महोत्सव में 465 खिलाड़ियों ने दिखाई खेल प्रतिभा


धमतरी, 23 दिसंबर (हि.स.)। फिट युवा फार विकसित भारत थीम पर आधारित विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ पंडरी राव कृदत्त इनडोर स्टेडियम परिसर, धमतरी में उत्साह और गरिमामयी वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक धमतरी ओंकार साहू रहे, जबकि अध्यक्षता नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग नेहरू निषाद, पूर्व विधायक रंजना डिपेन्द्र साहू, सभापति नगर निगम कौशल्या देवांगन तथा अध्यक्ष जनपद पंचायत धमतरी अंगिरा ध्रुव उपस्थित रहीं।

इस विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में पाँच क्लस्टरों से आए कुल 465 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिताएं 11 खेल विधाओं उंची कूद, लंबी कूद, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों में आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने खिलाड़ियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। खेल गतिविधियां युवाशक्ति को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं।

विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव में चयनित विजेता खिलाड़ी लोकसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव, महासमुंद में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर नोडल अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धमतरी, जिला खेल अधिकारी पीयूष तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत धमतरी, उपायुक्त नगर निगम धमतरी, सहायक जिला खेल अधिकारी सहित विभिन्न खेलों के व्यायाम शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story