बिरझुली समाधान शिविर में मिले 431 आवेदन, 367 का मौके पर हुआ निराकरण

WhatsApp Channel Join Now
बिरझुली समाधान शिविर में मिले 431 आवेदन, 367 का मौके पर हुआ निराकरण


धमतरी, 15 मई (हि.स.)। सुशासन तिहार के तहत जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरझुली में शुक्रवार काे समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बिरझुली सहित मोहेरा, मारागांव, बोईरगांव, खड़मा, सिंगपुर, मुड़केरा, भंडारवाड़ी, सोनझरी, केकराखोली एवं पठार ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों के त्वरित निराकरण के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए तथा विभागीय अधिकारियों ने आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

शिविर में कुल 431 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 423 मांग संबंधी एवं आठ शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्राप्त आवेदनों में से 364 मांग एवं तीन शिकायत सहित कुल 367 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया भी संबंधित विभागों द्वारा प्रारंभ कर दी गई है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनके आवेदनों की स्थिति एवं निराकरण संबंधी जानकारी भी प्रदान की। समाधान शिविर में जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू, जिला पंचायत धमतरी के कृषि सभापति टीकाराम कंवर, जनप्रतिनिधि रोहित मोहन साहू, जनपद सदस्य गजेन्द्र दीवान, रामजी नेताम, रामकुमारी कश्यप, महिला मोर्चा मगरलोड की अध्यक्ष कविता यादव, विजय यदु, शत्रुहन साहू, ग्राम पंचायत बिरझुली की सरपंच पुष्पलता सिन्हा, सरपंच प्रतिनिधि रामायण सिन्हा, लोमेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मगरलोड ने विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की जानकारी ली।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। जनपद पंचायत मगरलोड द्वारा दो हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए।समाज कल्याण विभाग द्वारा एक दिव्यांग हितग्राही को ट्राईसिकल प्रदान किया गया तथा दो हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश वितरित किए गए। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा शिविर में 42 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें सिकल सेल, बीपी, शुगर, सर्दी-बुखार एवं कमजोरी संबंधी जांच शामिल रही। ग्रामीणों ने समाधान शिविर के माध्यम से त्वरित निराकरण एवं योजनाओं का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story