42वीं सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में कोरबा के गौरव राज ने जीता कांस्य पदक

WhatsApp Channel Join Now
42वीं सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में कोरबा के गौरव राज ने जीता कांस्य पदक


कोरबा, 10 अगस्त (हि. स.)। राजस्थान के जयपुर में आयोजित 42वीं सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप 2026 में कोरबा के युवा तैराक गौरव राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम राष्ट्रीयस्तर पर रोशन किया है। गौरव राज की इस उपलब्धि पर स्विमिंग एसोसिएशन कोरबा ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

जयपुर, राजस्थान में 6 से 9 अगस्त तक आयोजित 42वीं सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में देशभर के प्रतिभाशाली युवा तैराकों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कोरबा जिले के उदीयमान तैराक गौरव राज ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने लड़कों के ग्रुप-3 यानी अंडर-12 वर्ग की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।

गौरव राज ने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में 01:17.94 यानी 1 मिनट 17.94 सेकंड का बेहतरीन समय दर्ज किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि को कोरबा जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।

गौरव राज की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण को अहम माना जा रहा है। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक हासिल करना उनकी प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है। इस उपलब्धि से कोरबा के तैराकी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी उत्साह का माहौल है।

स्विमिंग एसोसिएशन कोरबा के सचिव अशोक सक्सेना ने गौरव राज को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि गौरव की यह सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतना पूरे कोरबा जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने गौरव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाली प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।

स्विमिंग एसोसिएशन कोरबा ने भी गौरव राज की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं। एसोसिएशन का कहना है कि गौरव जैसे युवा खिलाड़ियों की सफलता जिले के अन्य उभरते तैराकों को भी प्रेरणा देगी और कोरबा में तैराकी खेल को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

राष्ट्रीयस्तर की इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर गौरव राज ने न सिर्फ अपने परिवार और प्रशिक्षकों का मान बढ़ाया है, बल्कि कोरबा जिले का नाम भी देशभर में रोशन किया है। आने वाले समय में गौरव से तैराकी के क्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story