रावघाट परियोजना के केसीसीएल कंपनी के 417 कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे

WhatsApp Channel Join Now
रावघाट परियोजना के केसीसीएल कंपनी के 417 कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे


कांकेर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के रावघाट परियोजना क्षेत्र में संचालित केसीसीएल कंपनी के 417 श्रमिक अपनी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर आज शुक्रवार काे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। वेतन, भविष्य निधि (पीएफ), 20 प्रतिशत बोनस, माइनिंग अलाउंस और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर श्रमिक संघ ने माइंस के सामने टेंट लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। हड़ताल की वजह से रेलवे साइडिंग तक माल पहुंचाने वाले डंपरों का परिचालन रुक गया है।

इससे पहले रावघाट परियोजना क्षेत्र में संचालित केसीसीएल कंपनी के श्रमिकाें ने अपनी मांगों को लेकर अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई थी। अब श्रमिकाें के हड़ताल पर जाने से रावघाट परियोजना के कामकाज पर असर पड़ने लगा है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में वेतन एवं भत्तों का भुगतान, 20 प्रतिशत बोनस, पीएफ की बकाया राशि और माइनिंग अलाउंस शामिल हैं। श्रमिक संघ का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन अब तक उनका निराकरण नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने नियुक्ति के महीने से ही नियुक्ति पत्र और ऑनलाइन वेतन पर्ची उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके अलावा खदान भत्ता, जोखिम भत्ता, सुरक्षा भत्ता, कठिन क्षेत्र भत्ता, रात्रि पाली भत्ता, चिकित्सा भत्ता और भोजन सब्सिडी जैसी सुविधाएं देने की मांग भी उठाई गई है।

केसीसीएल कंपनी के श्रमिक संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश उसेंडी ने बताया कि ज्ञापन में फरवरी माह अथवा नियुक्ति के समय से 12 प्रतिशत पीएफ और माइनिंग अलाउंस की बकाया राशि ब्याज सहित भुगतान करने की मांग की गई है, साथ ही पुराने श्रमिकाें को उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर अर्धकुशल एवं कुशल श्रेणी में शामिल कर काम सौंपने की मांग हमने की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765759 Articles

Share this story