बीजापुर के 400 किसानों का पंजीयन एवं रकबा शून्य होने से सरकारी धान खरीद से हुए बाहर

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर के 400 किसानों का पंजीयन एवं रकबा शून्य होने से सरकारी धान खरीद से हुए बाहर


बीजापुर के 400 किसानों का पंजीयन एवं रकबा शून्य होने से सरकारी धान खरीद से हुए बाहर


बीजापुर, 29 नवंबर (हि.स.)। जिले के पामेड़ क्षेत्र के 400 से अधिक किसानों पर इस साल धान बेचने से वंचित होने का संकट मंडरा रहा है। किसानों के खेतों में धान की फसल तैयार है, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में कहीं पंजीयन नहीं हुआ तो कहीं रकबा शून्य दर्ज होने के कारण उनकी उपज सरकारी खरीद केंद्रों तक पहुंचने का रास्ता ही बंद होता दिखाई दे रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब किसानों ने पूरी मेहनत से फसल उगाई है तो आखिर वे अपना धान बेचने के लिए सरकारी व्यवस्था के दरवाजे क्यों खटखटाने को मजबूर हैं?

किसानों की इसी गंभीर समस्या को लेकर बीजापुर विधायक विक्रम मंड़ावी आज रविवार काे पामेड़ पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं और धान खरीदी पंजीयन नहीं होने तथा रकबा शून्य दर्ज होने के मामलों की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि बड़ी संख्या में किसान इस वर्ष धान खरीदी से बाहर हो सकते हैं। यदि समय रहते रिकॉर्ड में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें अपनी मेहनत से पैदा की गई फसल बेचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक मंडावी ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं से अवगत कराया और जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र किसान को पंजीयन या रकबा संबंधी समस्या के कारण धान बेचने से वंचित नहीं होना चाहिए। सभी प्रभावित किसानों की समस्याओं का समाधान कर उनका धान खरीदा जाना सुनिश्चित किया जाए। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि धान खरीद शुरू होने के बीच 400 से अधिक किसानों का पंजीयन और रकबा संबंधी मामला आखिर कैसे उलझा हुआ है? क्या जिम्मेदार विभाग समय रहते इन किसानों को राहत दे पाएगा या फिर सरकारी रिकॉर्ड की खामियों का खामियाजा किसानों को अपनी उपज बेचने से वंचित रहकर भुगतना पड़ेगा?

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785118 Articles

Share this story