मृतक के जमीन को अपना बताकर बेचने के नाम पर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी, दाे आराेपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मृतक के जमीन को अपना बताकर बेचने के नाम पर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी, दाे आराेपित गिरफ्तार


आरोपितों के पास से फर्जी दस्तावेज, चेक, रबर सील एवं नगदी रुपये जब्त

धमतरी, 21 अगस्त (हि.स.)। मृत व्यक्ति के साढ़े चार एकड़ कृषि भूमि को अपना बताकर फर्जी ऋण पुस्तिका व आधार कार्ड तैयार कर बेचने के नाम पर 40 लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी करने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से पुलिस ने फर्जी दस्तावेज, चेक, रबर सील एवं नगदी रुपये जब्तकर कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।

मगरलोड पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित सचिन बंगानी गोबरा नवापारा निवासी ने थाना मगरलोड में शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपित ठाकुरराम साहू निवासी ग्राम सांगा थाना मगरलोड ने मृतक विष्णु प्रसाद साहू के नाम ग्राम सांगा में स्थित करीब 4.5 एकड़ कृषि भूमि को अपना बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इस जमीन को बेचने के नाम पर पीड़ित से विभिन्न माध्यमों से नगद एवं चेक के जरिए करीब 40 लाख रुपये प्राप्त किए।

शिकायत पर थाना मगरलोड में आरोपित के खिलाफ जुर्म दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ठाकुरराम साहू ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि अवैध लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से मृतक के नाम पर फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड एवं बैंक संबंधी दस्तावेज तैयार किए थे। आरोपितों द्वारा कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से कृषि भूमि पर अपना अधिकार दर्शाकर उसे बेचने का प्रयास किया गया।

सहयोगी के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज किया तैयार

आरोपित ठाकुर राम साहू ने अपने सहयोगी आरोपित जितेन्द्र साहू के साथ मिलकर यह आपराधिक षडयंत्रपूर्वक फर्जी दस्तावेज तैयार करने एवं उनका उपयोग करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से फर्जी ऋण पुस्तिका, फर्जी आधार कार्ड, एक नग एटीएम, तीन नग चेक, दो नग रबर सील, लिखावट संबंधी डायरी और 5200 रुपये जब्त कर दोनों आरोपितों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने आरोपित ठाकुर राम साहू के लिखावट एवं हस्ताक्षर के नमूने भी विधिवत प्राप्त किए गए हैं, जिन्हें आवश्यक परीक्षण एवं मिलान के लिए क्यूडी शाखा भेजा जाएगा। गिरफ्तार आरोपितों में ठाकुर राम साहू 37 वर्ष निवासी ग्राम सांगा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी और जितेन्द्र साहू 38 वर्ष निवासी ग्राम पोखरा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद शामिल है। दोनों आरोपितों को आज शुक्रवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story