कोरबा : 35 तीर्थयात्रियों का दल श्रीरामलला दर्शन हेतु अयोध्याधाम के लिए रवाना

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : 35 तीर्थयात्रियों का दल श्रीरामलला दर्शन हेतु अयोध्याधाम के लिए रवाना


कोरबा : 35 तीर्थयात्रियों का दल श्रीरामलला दर्शन हेतु अयोध्याधाम के लिए रवाना


कोरबा, 04 फरवरी (हि.स.)। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने पार्षदगणों की उपस्थिति में आज श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत 35 तीर्थयात्रियों के दल को पवित्र अयोध्याधाम के लिए निगम कार्यालय साकेत भवन से रवाना किया। उन्होने तीर्थयात्री बस को हरी झण्डी दिखाई एवं तीर्थयात्रियों को तिलक लगाकर व पुष्पमाला पहनाकर उन्हें अपनी शुभकामना व बधाईयाॅं दी।

इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल, अजय गोंड़, ममता यादव, पार्षद रामकुमार साहू, युगल किशोर कैवत्र्य, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, प्रकाश अग्रवाल, अरविंद सिंह, शंकर साहू, संजय भास्कर, संतोष यादव, छन्नू सिंह आदि के साथ अन्य लोग उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ सरकार की महती योजना श्रीरामलला दर्शन योजना के अंतर्गत प्रदेश के नागरिकों को पवित्र अयोध्याधाम ले जाकर भगवान श्रीरामलला जी के दर्शन प्रतिमाह कराए जा रहे हैं, जिसका सम्पूर्ण व्यय शासन द्वारा वहन किया जाता है। इसी कड़ी में इस माह भी कोरबा से 35 तीर्थयात्रियों का दल श्रीरामलला दर्शन हेतु अयोध्याधाम के लिए रवाना हुआ, यह दल बस के माध्यम से बिलासपुर के उस्लापुर रेलवे स्टेशन पहंुचा, वहाॅं से विशेष ट्रेन द्वारा तीर्थयात्री अयोध्याधाम पहुंचकर श्रीरामलला जी के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।

नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में आज प्रातः 08 बजे महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने हरी झण्डी दिखाकर दल को रवाना किया। इस मौके पर महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि प्रभु श्रीरामलला के दर्शन हेतु जा रहे श्रद्धालुजनों को यात्रा पर रवाना करने का पवित्र अवसर आज प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर तीर्थयात्रियों ने श्रीरामलला दर्शन योजना की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए राज्य सरकार के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story