नीट-जेईई की तैयारी के लिए 339 विद्यार्थियों ने दी स्क्रीनिंग परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
नीट-जेईई की तैयारी के लिए 339 विद्यार्थियों ने दी स्क्रीनिंग परीक्षा


पोलस्टार कार्यक्रम के तहत जिले में बनाए गए थे 10 परीक्षा केंद्र, चयनित विद्यार्थियों को मिलेगी विशेषज्ञ मेंटरशिप

धमतरी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के मेधावी विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से पोलस्टार कार्यक्रम के अंतर्गत आज बुधवार काे स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की गई। जिले के चारों विकासखंडों में बनाए गए 10 परीक्षा केंद्रों पर कुल 339 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इस परीक्षा का उद्देश्य नीट और जेईई जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराना है।

धमतरी विकासखंड में सेजेस गोकुलपुर में 44, सेजेस कंडेल में 50 और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देमार में 29 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। कुरूद विकासखंड के पीएमश्री सेजेस कुरूद में 79, सेजेस भखारा में 55 और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दरबा में 12 विद्यार्थी शामिल हुए। मगरलोड विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक मगरलोड में 21 तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भेंड्री में 10 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसी तरह नगरी विकासखंड के पीएमश्री नगरी में 27 और सेजेस कुकरेल में छह विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने बताया कि पोलस्टार कार्यक्रम जिले में विनोबा टीम और ओपन लिंक फाउंडेशन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के अंतर्गत पंजीकृत विद्यार्थियों को दो बार कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल होने के बाद ऑफलाइन ओएमआर आधारित परीक्षा में बैठने की पात्रता मिलती है। स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को आईआईटी और मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों से मेंटरशिप प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही ऑनलाइन कक्षाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री, आईआईटी एवं मेडिकल कॉलेज परिसरों के भ्रमण और छात्रवृत्ति सहित विभिन्न सुविधाओं का लाभ भी दिया जाएगा। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की इस पहल से आर्थिक एवं शैक्षणिक संसाधनों की सीमाओं के बीच तैयारी करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलने की उम्मीद है। परीक्षा का परिणाम जल्द घोषित किया जाएगा। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों को आगे की तैयारी के लिए विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760990 Articles

Share this story