33 स्कूलों के 59 व्यावसायिक प्रशिक्षकों के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
33 स्कूलों के 59 व्यावसायिक प्रशिक्षकों के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित


नई शिक्षा नीति और रोजगारपरक शिक्षा पर दिया गया प्रशिक्षण

धमतरी, 28 नवंबर (हि.स.)। नई शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा एनसीएफएसई 2023 के अंतर्गत विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलास्तरीय उन्मुखीकरण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। नत्थूजी जगताप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस कार्यशाला में पीएम श्री स्कूलों सहित जिले के कुल 33 हायर सेकेंडरी स्कूलों में कार्यरत 59 व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने हिस्सा लिया।

स्वागत उद्बोधन में हरीश सिन्हा ने नई शिक्षा नीति पर अपने विचार रखे, वहीं राजेश मिश्रा ने कौशल विकास के महत्व पर जोर दिया। कार्यशाला के दौरान शिक्षा मंत्रालय के माय करियर एडवाइजर ऐप पर व्यावसायिक शिक्षा नोडल एवं एपीसी अजय पांडेय ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ऐप के विभिन्न फीचर्स और विद्यार्थियों के लिए इसकी उपयोगिता समझाई। समग्र शिक्षा के सहायक परियोजना अधिकारी खेमेन्द्र कुमार साहू ने कहा कि बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने में व्यावसायिक पाठ्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षकों से विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाली सेजेस कंडेल की छात्रा का मार्गदर्शन करने वाले व्यावसायिक शिक्षक पुष्पेन्द्र सिन्हा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पवन वर्मा, फगेश सोनकर, प्रवीण साहू और बसंती सिन्हा ने योगदान दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story