रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन की 30 वीं किस्त, सुखसागर चौहान के परिवार में बढ़ी त्योहार की रौनक

WhatsApp Channel Join Now
रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन की 30 वीं किस्त, सुखसागर चौहान के परिवार में बढ़ी त्योहार की रौनक


कोरबा, 24 अगस्त (हि. स.)। रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। इस बार महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचने से त्योहार की खुशियां और बढ़ गई हैं। कोरबा नगर के शारदा विहार निवासी सुखसागर चौहान के लिए भी इस बार रक्षाबंधन खास हो गया है। उनके खाते में योजना की राशि पहुंच चुकी है, जिससे वे परिवार के साथ त्योहार की तैयारियों में जुट गई हैं।

सुखसागर चौहान ने कहा कि रक्षाबंधन से पहले राशि मिलने से उन्हें अपनी जरूरतों को पूरा करने में काफी सहूलियत हुई है। उन्होंने कहा कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए पति से पैसे मांगने पड़ते थे, लेकिन अब महतारी वंदन योजना की राशि समय पर खाते में आने से वे अपनी आवश्यकताओं को स्वयं पूरा कर पा रही हैं।

उन्होंने कहा कि भाई जब अपनी बहन की जरूरत बिना कहे समझे तो इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।

उन्होंने सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि योजना से महिलाओं को सम्मान के साथ अपने परिवार के लिए निर्णय लेने और अपनी जरूरतें पूरी करने का आत्मविश्वास मिला है।

राखी से पहले राशि मिलने पर सुखसागर चौहान ने बताया कि वे योजना से प्राप्त राशि से बच्चों के लिए नए कपड़े, मिठाई और राखी की खरीदारी करेंगी। परिवार के साथ उत्साह और उमंग से रक्षाबंधन मनाने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि त्योहार से पहले आर्थिक सहायता मिलने से परिवार की खुशियां बढ़ी हैं। उनके अनुसार, महतारी वंदन योजना की राशि केवल महिलाओं की जरूरतों को पूरा करने में मदद नहीं करती, बल्कि बच्चों और पूरे परिवार के त्योहार को भी खुशहाल बनाने में सहायक साबित हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story