होली में सुरक्षा के लिए 300 जवान तैनात, 33 वाहनों से पेट्रोलिंग शुरू

WhatsApp Channel Join Now
होली में सुरक्षा के लिए 300 जवान तैनात, 33 वाहनों से पेट्रोलिंग शुरू


होली में सुरक्षा के लिए 300 जवान तैनात, 33 वाहनों से पेट्रोलिंग शुरू


होली में सुरक्षा के लिए 300 जवान तैनात, 33 वाहनों से पेट्रोलिंग शुरू


शहर व आसपास क्षेत्रों में पुलिस व प्रशासन ने की फ्लैग मार्च

धमतरी, 02 मार्च (हि.स.)। अंचल में दो मार्च से होली पर्व की शुरूआत हो गई है। शहर व पूरे जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए, इसके लिए पुलिस व प्रशासन ने तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर व आसपास गांवों में सुरक्षा के मद्देनजर 300 पुलिस जवान तैनात हो गए है। वहीं 33 वाहनों से पुलिस अधिकारी व जवान पेट्रोलिंग कर रहे हैं। होली पर्व के लिए पुलिस व प्रशासन की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने शहर व आसपास के गांवों में फ्लैग मार्च करके शक्ति प्रदर्शन किया, ताकि हुड़दंगी शांत रहे और बेहतर वातावरण में होली का पर्व मनाए।

शहर व कई गांवों में दो मार्च की देर रात पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया गया। वहीं कई गांवों व जगहों पर तीन मार्च की रात में होलिका दहन किया जाएगा और चार मार्च को पूरे क्षेत्र में रंग-गुलाल का पर्व होली हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा। होली पर्व पूरे जिले में शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए, इसके लिए पुलिस व प्रशासन ने तगड़ी व्यवस्था की है। होलिका दहन के पूर्व पुलिस अधिकारी व जवानों ने दोपहिया व चार पहिया वाहनों में सवार होकर रक्षित केंद्र धमतरी से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मुजगहन, मकई चौक, सिहावा चौक, बस स्टैंड, अर्जुनी मोड़ होते हुए नहरनाका चौक से विंध्यवासिनी मंदिर के सामने समापन हुआ। फ्लैग मार्च के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया एवं असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी गई।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि होली पर्व के लिए 300 से अधिक पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं 33 चार पहिया वाहनों से पेट्रोलिंग की जा रही है। साथ ही 15 बाइक से भी पेट्रोलिंग जारी है। दो क्यूआरटी टीम एवं 23 फिक्स पिकेट सहित रिजर्व बल तैनात किए गए है, ताकि होली पर्व में किसी तरह की अपिय्र स्थिति होने पर आसानी से निबटा जा सके। उपद्रवियों, अवैध शराब कारोबारियों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए दो मार्च को शाम चार बजे से आगामी आदेश तक विशेष पुलिस प्रबंध लागू किया गया है। एसपी सूरज सिंह परिहार सतत मानिटरिंग कर संपूर्ण व्यवस्था पर नजर रखे हुए है। वहीं एएसपी शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। अनुभाग धमतरी, कुरूद, नगरी एवं केरेगांव-अकलाड़ोगरी क्षेत्रों में संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बाडीगार्ड हेलमेट व बलवा ड्रिल सामग्री के साथ पुलिस तैनात

23 फिक्स पिकेट एवं पर्याप्त रिजर्व बल मय बाडीगार्ड हेलमेट एवं बलवा ड्रिल सामग्री के साथ पुलिस जवान तैनात किया गया है। शहर में होलिका दहन के छोटी बड़ी जगहों को मिलाकर लगभग 100 से 110 जगहोंं पर होलिका दहन की जाएगी। होली त्योहार पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। शहर व गांवों के संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सतत पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जा रही है। वहीं नियंत्रण कक्ष द्वारा सभी पेट्रोलिंग पार्टियों की सतत मानिटरिंग की जाएगी। जिला विशेष शाखा एवं साइबर टीम द्वारा इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म (फेसबुक, व्हाट्सएप आदि) पर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले संदेशों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। होटल, लाज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, गेस्ट हाउस आदि स्थानों पर सघन चेकिंग की जा रही है।

विद्युत खंभों के नीचे न हो होलिका दहन

वर्तमान में जारी बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए अत्यधिक शोर-शराबा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। होलिका दहन बिजली तारों एवं खंभों के नीचे न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है तथा अग्निशमन वाहन मय स्टाफ को तैनात रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story