लोहंडीगुड़ा कन्या विद्यालय में 30 बालिकाओं का हुआ टीकाकरण, बनाई मानव श्रृंखला

WhatsApp Channel Join Now
लोहंडीगुड़ा कन्या विद्यालय में 30 बालिकाओं का हुआ टीकाकरण, बनाई मानव श्रृंखला


जगदलपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लोहंडीगुड़ा में आज शनिवार काे छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

इस अवसर पर छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण के महत्व को रेखांकित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष टीकाकरण शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में पात्र 30 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है तथा समय पर टीकाकरण से भविष्य में इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

विद्यालय प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग ने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज में भी एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाएं। मानव श्रृंखला और टीकाकरण शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।यह अभियान छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित भविष्य और सर्वाइकल कैंसर मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story