जांजगीर-चांपा में 30 मई से शुरू होगी दूसरी छग सीनियर स्टेट फास्ट-5 नेटबॉल प्रतियोगिता, 18 जिलों के 380 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में 30 मई से शुरू होगी दूसरी छग सीनियर स्टेट फास्ट-5 नेटबॉल प्रतियोगिता, 18 जिलों के 380 खिलाड़ी दिखाएंगे दम


जांजगीर-चांपा, 29 मई (हि. स.)। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ एवं नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ जांजगीर-चांपा के संयुक्त तत्वावधान में 30 मई से जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में दो दिवसीय ‘दूसरी छत्तीसगढ़ सीनियर स्टेट फास्ट-5 नेटबॉल प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जा रहा है।

राज्यस्तरीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों के करीब 380 खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, गरियाबंद, सक्ती, कांकेर, सरगुजा, बलौदा बाजार-भाटापारा, जांजगीर-चांपा, जशपुर, मुंगेली, राजनांदगांव, कोरबा, बेमेतरा, रायपुर, महासमुंद, धमतरी और सूरजपुर जिले की टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों के साथ लगभग 50 कोच, मैनेजर और तकनीकी अधिकारी भी आयोजन में शामिल होंगे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन 30 मई की शाम 6 बजे किया जाएगा।

कार्यक्रम में कलेक्टर जनमेजय महोबे, एसपी विजय पांडेय और जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और आवागमन की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ की संभावित टीम का चयन किया जाएगा। इसके बाद विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर अंतिम 10 पुरुष और 10 महिला खिलाड़ियों का चयन होगा, जो 25 से 28 जून 2026 तक पांडिचेरी में आयोजित होने वाली ‘5वीं सीनियर नेशनल फास्ट-5 नेटबॉल प्रतियोगिता’ में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

आयोजकों ने जिले के खेल प्रेमियों और नागरिकों से बड़ी संख्या में मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story