बीएसएफ के निशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र शिविर में 250 ग्रामीणों का हुआ उपचार

WhatsApp Channel Join Now
बीएसएफ के निशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र शिविर में 250 ग्रामीणों का हुआ उपचार


नारायणपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के अबूझमाड़ के दुर्गम इलाकों मे तैनात। 133वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल की ओर से कोहकामेटा कैंप में निशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 250 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क चिकित्सा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया। आज रविवार को प्रातः 9 बजे से जिला नारायणपुर के कोहकामेटा कैंप में आयोजित शिविर का नेतृत्व 133वीं वाहिनी के कमांडेंट कमल शर्मा ने किया। यह आयोजन सिविक एक्शन प्रोग्राम, वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत किया गया।

शिविर में 133वीं वाहिनी के चिकित्सा अधिकारियों के साथ जिला नारायणपुर के सिविल चिकित्सकों, मलेरिया जागरूकता के लिए कार्यरत गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। चिकित्सा दल ने विभिन्न बीमारियों से पीड़ित ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यकतानुसार चिकित्सा परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाहिनी की ओर से आवागमन के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई। शिविर में उपस्थित मरीजों और चिकित्सा कर्मियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई, ताकि ग्रामीणों को शिविर के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। 133वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल ने ऐसे जनकल्याणकारी प्रयासों के माध्यम से क्षेत्र के लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766721 Articles

Share this story