बीजापुर का 24वां नया थाना नेशनल पार्क क्षेत्र के ग्राम पील्लूर में खुला

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर का 24वां नया थाना नेशनल पार्क क्षेत्र के ग्राम पील्लूर में खुला


बीजापुर, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले में नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब नेशनल पार्क क्षेत्र में शासन-प्रशासन की पहुंच लगातार बढ़ाई जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार काे दुर्गम माने जाने वाले नेशनल पार्क क्षेत्र के ग्राम पील्लूर में नवीन पुलिस थाने का शुभारंभ किया गया। बस्तर आईजी बद्रीनारायण मीणा ने फीता काटकर जिले के 24वें थाने शुरुआत की।

मिली जानकारी के अनुसार नवीन थाना पील्लूर के अंतर्गत कुल 15 गांव शामिल किए जाएंगे। यहां उप निरीक्षक हनीफ खान को थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। थाने की शुरुआत से क्षेत्र के ग्रामीणों को अब अपनी शिकायत दर्ज कराने और पुलिस से संबंधित कार्यों के लिए दूर-दराज के थानों तक नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीयस्तर पर पुलिस की उपलब्धता बढ़ने से कानून-व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षा और सुगम न्याय मिलने की उम्मीद है। पील्लूर में नए थाने की स्थापना को नेशनल पार्क क्षेत्र में प्रशासनिक पहुंच विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को भी गति मिलने की संभावना है। लंबे समय तक दुर्गम और नक्सल प्रभावित रहे इस क्षेत्र में पुलिस की स्थायी मौजूदगी ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने में सहायक होगी।

थाना शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य तिमेड़ कविता कोरम, जनपद पंचायत अध्यक्ष भोपालपटनम सरिता कोरसा, उपाध्यक्ष गणपत नीलम, जनपद सदस्य, सरपंच बड़े काकलेर सहित पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा, उप महानिरीक्षक केरिपु बीएस नेगी, पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता, कमांडेंट 214वीं वाहिनी केरिपु मनीश शर्मा, कमांडेंट 22वीं वाहिनी केरिपु रणदीप सिंह, डिप्टी डायरेक्टर इंद्रावती टाइगर रिजर्व सुमेध संजय सुरवाड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा, एसडीओपी भोपालपटनम सिद्धार्थ चौहान एवं एसडीओपी फरसेगढ़ अमन लखीसरानी समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story