दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ की 231वीं बटालियन ने मनाया पुलिस स्मृति दिवस

WhatsApp Channel Join Now
दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ की 231वीं बटालियन ने मनाया पुलिस स्मृति दिवस


दंतेवाड़ा, 21 अक्टूबर (हि.स.)। देश की सुरक्षा और शांति के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के सम्मान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 231वीं बटालियन द्वारा 21 अक्टूबर को वाहिनी मुख्यालय में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। कमांडेंट सुनील भंवर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में कमांडेंट सुनील भंवर ने पुलिस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सेना ने सीआरपीएफ के गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया था। इस हमले का जवानों ने बहादुरी से मुकाबला किया और देश की रक्षा करते हुए 10 वीर जवानों ने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि इन शहीद जवानों का साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण आज भी देश के पुलिस बलों एवं सुरक्षा कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। पुलिस स्मृति दिवस उन सभी वीर जवानों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

कमांडेंट सुनील भंवर ने जवानों को संबोधित करते हुए सीआरपीएफ की गौरवशाली परंपरा को बनाए रखने और पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने देश में अमन-चैन बनाए रखने और विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ाने में सुरक्षा बलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर 231वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी सतीश कुमार मलिक, उप कमांडेंट संजय कुमार पूनिया, सहायक कमांडेंट प्रशांत कांबले, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनमोहन मीणा सहित वाहिनी के सभी अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शहीद जवानों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764623 Articles

Share this story