शिवरीनारायण-खैरताल सड़क के लिए 22.08 करोड़ की मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now

जांजगीर-चांपा, 2 अक्टूबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी स्वीकृति दी है। शिवरीनारायण-खैरताल मार्ग के मजबूतीकरण, पुल-पुलिया सहित निर्माण कार्य के लिए 22 करोड़ 8 लाख 59 हजार रुपये की शासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से करीब 11.70 किलोमीटर लंबे मार्ग का विकास किया जाएगा।

क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क निर्माण एवं मजबूतीकरण की मांग के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। मार्ग के निर्माण और पुल-पुलिया के कार्य से लोगों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इस सड़क से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा। बेहतर मार्ग उपलब्ध होने से कृषि उपज के परिवहन, स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों और ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही जिला मुख्यालय और आसपास के प्रमुख बाजारों तक पहुंच आसान होगी।

जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन और प्रयासों से क्षेत्र में सड़क एवं अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों को गति मिलने की बात कही गई है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में राज्य सरकार द्वारा सड़क, पुल और पुलिया जैसी मूलभूत अधोसंरचनाओं के विकास पर जोर दिया जा रहा है।

शिवरीनारायण-खैरताल मार्ग के मजबूतीकरण की स्वीकृति से क्षेत्रवासियों की पुरानी मांग पूरी होने के साथ क्षेत्र में आवागमन और विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story