बलरामपुर : बैगलेस डे पर बच्चों ने 20 मिनट किया पुस्तक वाचन

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : बैगलेस डे पर बच्चों ने 20 मिनट किया पुस्तक वाचन


बलरामपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने और उनकी समझ व अभिव्यक्ति क्षमता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मिशन आचार्य के तहत विशेष पुस्तक वाचन गतिविधि आयोजित की गई। आज रविवार को विकासखंड शंकरगढ़ के सभी विद्यालयों में ‘बैगलेस डे पढ़े बलरामपुर’ के तहत बच्चों ने 20 मिनट तक पुस्तक वाचन किया।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यालयों में ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है, जहां बच्चे पाठ्यक्रम के साथ पढ़ने, समझने, सोचने और अपने विचार व्यक्त करने के लिए भी प्रेरित हों।

विद्यालयों के पुस्तकालयों में विद्यार्थियों की आयु और रुचि के अनुसार कहानियां, कविताएं, जीवनियां और ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं। शनिवार को बच्चों ने इन पुस्तकों का सामूहिक रूप से 20 मिनट तक वाचन किया। इसके बाद उन्हें पढ़ी गई कहानी या पुस्तक की विषयवस्तु समझने और अपने विचार साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

नियमित पुस्तक वाचन से बच्चों में भाषा कौशल, शब्द भंडार, एकाग्रता, कल्पनाशक्ति और आत्मविश्वास विकसित होने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पढ़ने और समझने की क्षमता को भी बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

मिशन आचार्य के माध्यम से पुस्तक वाचन को केवल एक दिन की गतिविधि तक सीमित न रखकर बच्चों में नियमित पढ़ने की आदत विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यालयों के पुस्तकालयों को अधिक उपयोगी और आकर्षक बनाने के साथ बच्चों को पुस्तकों से लगातार जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story