अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजनांतर्गत बस्तर के 20 श्रमिक बच्चों को मिला उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रवेश

WhatsApp Channel Join Now
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजनांतर्गत बस्तर के 20 श्रमिक बच्चों को मिला उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रवेश


जगदलपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। श्रम विभाग की महत्वाकांक्षी 'अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना' के अंतर्गत बस्तर जिले के पंजीकृत श्रमिकों के 20 मेधावी बच्चों को उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रवेश दिलाया गया है। इस योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों के प्रतिभावान बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रवेश प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपरांत इन सभी 20 बच्चों ने शुक्रवार काे कलेक्टर आकाश छिकारा से सौजन्य मुलाकात की।

इस दौरान कलेक्टर छिकारा ने सभी बच्चों से अत्यंत आत्मीयता के साथ संवाद किया और उनकी पढ़ाई, व्यक्तिगत रुचियों तथा भविष्य के लक्ष्यों व सपनों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के महत्व पर मार्गदर्शन दिया और कहा कि शासन की इस योजना का मुख्य उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक अवसर प्रदान करना है, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके। उन्होंने सभी बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने, नई ऊंचाइयों को छूने और अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे बस्तर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करते हुए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपस्थित सहायक श्रमायुक्त भूपेन्द्र नायक ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि श्रम विभाग पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर सक्रियता से कार्य कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के अंतर्गत चयनित इन बच्चों की उत्कृष्ट व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा लगभग छह करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी। श्रम विभाग द्वारा यह भी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई कि जिले के अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों और उनके आश्रितों तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी व प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story