धमतरी पुलिस में बड़ा फेरबदल : 192 आरक्षकों का पारदर्शी स्थानांतरण
धमतरी, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिला पुलिस में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ आरक्षकों के व्यापक तबादले का आज (मंगलवार) आदेश जारी किया गया है। सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में की गई इस प्रक्रिया में कुल 192 आरक्षकों को नई पदस्थापना दी गई है।
जानकारी के अनुसार, दो वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत आरक्षकों के लिए धमतरी, कुरुद और नगरी अनुभागों सहित पुलिस लाइन, यातायात, नियंत्रण कक्ष, एसपी कार्यालय, साइबर थाना, अजाक और महिला सेल में सम्मेलन आयोजित किया गया। खुले मंच पर आरक्षकों से उनकी पसंद के तीन थाना/चौकी विकल्प लिए गए, जिसके आधार पर कार्यमूल्यांकन को ध्यान में रखते हुए दो अलग-अलग सूचियों में 121 और 71 आरक्षकों का स्थानांतरण किया गया।
इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई। आरक्षकों से गृह थाना और पिछली पोस्टिंग को छोड़कर अन्य तीन विकल्प मांगे गए। साथ ही, जिन कर्मियों की विशेषज्ञता से संबंधित इकाई के कार्य पर असर पड़ सकता था, उन्हें प्रशासनिक कारणों से यथावत रखा गया। पुलिस विभाग द्वारा जारी यह पिछले एक वर्ष का पहला बड़ा स्थानांतरण आदेश है। खास बात यह रही कि तबादलों का समय इस प्रकार तय किया गया ताकि आरक्षकों के बच्चों की शैक्षणिक सत्र पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इससे पहले केवल शिकायतों से जुड़े सीमित मामलों में ही छोटी सूचियां जारी की गई थीं।
पुलिस प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से कार्यकुशलता में सुधार होगा, साथ ही बल में संतुलन, मनोबल और कार्य संतुष्टि भी बेहतर होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

