जगदलपुर के संभागीय संयुक्त संचालक सहित 19 जिलों के डीईओ को नहीं मिलेगा नवंबर का वेतन

WhatsApp Channel Join Now
जगदलपुर के संभागीय संयुक्त संचालक सहित 19 जिलों के डीईओ को नहीं मिलेगा नवंबर का वेतन


जगदलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बार-बार निर्देश और पत्र जारी करने के बावजूद कई जिलों में वीएसके ऐप पर उपस्थिति की जानकारी अपडेट नहीं की गई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने जगदलपुर के संभागीय संयुक्त संचालक मनोज प्रताप सिंह सहित 19 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों का नवंबर महीने का वेतन रोकने का आदेश दिया है।

विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) ऐप के माध्यम से शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति की रिपोर्ट भेजना अनिवार्य किया गया है। विभागीय कार्रवाई की जद में नारायणपुर, सुकमा, कांकेर, कोंडागांव, बस्तर सहित 9 जिलों के अधिकारी आए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार 03 और 04 नवंबर को भी स्मरण पत्र जारी किए गए थे। इसके बावजूद 19 जिलों के अधिकारियों ने गूगल शीट अपडेट नहीं की। इसे पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर उदासीनता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता मानते हुए नवंबर का वेतन आगामी आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वीएसके ऐप से ऑनलाइन उपस्थिति की जानकारी समय पर भेजना जरूरी है। निगरानी के लिए 08 और 16 अक्टूबर को सभी डीईओ को गूगल शीट भेजकर उपस्थिति अपडेट करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story