189 विद्यार्थियों ने दी 12 वीं की द्वितीय मुख्य परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
189 विद्यार्थियों ने दी 12 वीं की द्वितीय मुख्य परीक्षा


धमतरी, 08 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12 वीं की द्वितीय मुख्य परीक्षा बुधवार को हिंदी विषय के साथ शुरू हुई। जिले के 10 केंद्रों में आज सुबह नौ से दोपहर 12:15 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। जिसमें पंजीकृत 220 परीक्षार्थियों में से 189 परीक्षा में शामिल हुए, वहीं 31 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे। परीक्षा के दौरान जिले के किसी भी केंद्र में नकल का एक भी प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। आसान और संतुलित प्रश्नपत्र मिलने से परीक्षार्थी संतुष्ट नजर आए।

यह द्वितीय मुख्य परीक्षा अनुत्तीर्ण एवं पूरक श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। हिंदी विषय के प्रश्नपत्र में पत्रकारिता और लेखन कौशल को प्रमुखता दी गई। विद्यार्थियों से बीट किसे कहते हैं, समाचार के प्रमुख अंगों के नाम, संपादकीय किसे कहते हैं एवं पत्रकार के दो गुण जैसे प्रश्न पूछे गए। वहीं छत्तीसगढ़ में पर्यटन का महत्व, स्वास्थ्य और योग, साइबर अपराध का आतंक तथा वायु प्रदूषण : कारण एवं निदान जैसे विषयों पर निबंध लिखवाया गया।

रचनात्मक लेखन के अंतर्गत इंटरनेट के जाल में बचपन विषय पर फीचर लेखन और जैविक खेती की आवश्यकता पर आलेख लिखने को कहा गया। इसके अलावा पानी संकट जैसे समसामयिक विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति क्षमता और विषय की समझ का भी आकलन किया गया।

जिले के 10 परीक्षा केंद्रों में नौ जुलाई से कक्षा 10वीं बोर्ड की द्वितीय मुख्य परीक्षा शुरू होगी। पहले दिन गणित विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकांश विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र को सरल और संतुलित बताया। कहा कि सभी प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम से पूछे गए थे। नियमित तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रश्नपत्र हल करना आसान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story