मारडूम में सेवा सेतु शिविर में हुआ 177 समस्याओं का समाधान, मिली खुशियों की चाबी

WhatsApp Channel Join Now
मारडूम में सेवा सेतु शिविर में हुआ 177 समस्याओं का समाधान, मिली खुशियों की चाबी


जगदलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज शनिवार काे बाजार स्थल मारडूम में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आस-पास की 09 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 192 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकारियों की सजगता और तत्परता से 177 मामलों का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को त्वरित राहत प्रदान की गई।

शिविर में जनसेवा से जुड़े विभिन्न विभागों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 123 ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा 20 हितग्राहियों की एक्स-रे जाँच की गई। इसके साथ ही पहचान व स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के अंतर्गत 16 ग्रामीणों के आधार कार्ड और 8 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए। राजस्व विभाग ने ज़मीन-जायदाद से संबंधित 20 मामलों का निपटारा किया, तो वहीं पशुपालन विभाग की टीम ने 17 पशुओं की जाँच कर ग्रामीणों को निःशुल्क दवाइयाँ वितरित कीं। शिविर का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण वह रहा जब प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों—पारम निवासी मडडा (पिता गहरु), मारडूम निवासी बुड़ता (पिता बोटी) और महादेव (पिता टोरका)—को उनके पक्के मकान की ‘खुशियों की चाबी’ विधिवत सौंपी गई, जिससे उनके चेहरे खिल उठे।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनायक गोयल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान बच्चन कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, जनपद सदस्य दसमी कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनेश्वर पाण्डे, नायब तहसीलदार खुशबू नेताम सहित अन्य अधिकारी कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story