अग्निवीर भर्ती में जांजगीर-चांपा के 175 युवाओं ने लहराया परचम, कलेक्टर ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला

WhatsApp Channel Join Now
अग्निवीर भर्ती में जांजगीर-चांपा के 175 युवाओं ने लहराया परचम, कलेक्टर ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला


अग्निवीर भर्ती में जांजगीर-चांपा के 175 युवाओं ने लहराया परचम, कलेक्टर ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला


अग्निवीर भर्ती में जांजगीर-चांपा के 175 युवाओं ने लहराया परचम, कलेक्टर ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला


जांजगीर-चांपा, 20 जून (हि. स.)। भारतीय थलसेना की अग्निवीर भर्ती में जांजगीर-चांपा जिले के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। मई-जून 2025 में आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) और उसके बाद हुए शारीरिक दक्षता परीक्षण में सफलता हासिल कर जिले के कुल 175 युवाओं का अंतिम रूप से अग्निवीर थलसेना में चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर चयनित युवाओं के सम्मान में आज शनिवार काे आकांक्षा आवासीय विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह में जिले के चयनित युवा, उनके परिजन, भूतपूर्व सैनिक संघ के सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने युवाओं की सफलता को जिले के लिए गर्व का विषय बताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

जिला खेल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर सुब्रत प्रधान ने बताया कि सीईई परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण 10 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक धमतरी में आयोजित किया गया था। युवाओं को सेना भर्ती में सफलता दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष पहल करते हुए भूतपूर्व सैनिक संघ के सहयोग से 9 सितंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक आवासीय शारीरिक प्रशिक्षण शिविर का संचालन किया था।

प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को सेना भर्ती की शारीरिक परीक्षा के अनुरूप नियमित और व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 9 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 7 बजे तक दौड़, बीम, बैलेंसिंग बीम, लंबी कूद, गड्ढा कूद, ऊंचाई मापन सहित विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही भूतपूर्व सैनिक संघ के अनुभवी सदस्यों ने युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और शारीरिक फिटनेस के महत्व के बारे में भी मार्गदर्शन दिया।

इस विशेष प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम सामने आया और शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 112 युवा अग्निवीर भर्ती में सफल हुए। जिला प्रशासन की इस पहल को युवाओं के भविष्य निर्माण और राष्ट्र सेवा के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि जिले के युवाओं ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि सैनिक देश की सुरक्षा और शक्ति के आधार स्तंभ होते हैं तथा राष्ट्र सेवा से बड़ा कोई धर्म और कर्तव्य नहीं है।

कलेक्टर ने चयनित युवाओं से कहा कि वे देश सेवा की एक गौरवपूर्ण जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं ने सेना में शामिल होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी चयनित युवा अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करते हुए देश की सेवा करेंगे और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेंगे।

इस दौरान कलेक्टर ने प्रशिक्षण शिविर से जुड़े अनुभवों और व्यवस्थाओं को लेकर चयनित युवाओं से फीडबैक भी लिया तथा भविष्य में प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा।

अग्निवीर भर्ती में जिले के 175 युवाओं के चयन से पूरे जांजगीर-चांपा जिले में उत्साह का माहौल है। यह सफलता न केवल युवाओं की मेहनत का परिणाम है, बल्कि जिला प्रशासन, भूतपूर्व सैनिक संघ और प्रशिक्षकों के समन्वित प्रयासों का भी प्रतिफल मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story