संभागस्तरीय दिव्यांग शिविर में 1,648 हितग्राहियों को मिले सहायक उपकरण
जगदलपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आयोजित तीन दिवसीय संभागस्तरीय दिव्यांग शिविर गुरुवार काे सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। जिला प्रशासन, जिला पंचायत बस्तर एवं समाज कल्याण विभाग के विशेष सहयोग तथा भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर व एनएसई फाउंडेशन के प्रायोजन से तीन दिनों तक चले इस विशेष आयोजन में संभाग भर से कुल 1,648 दिव्यांगजन शामिल हुए, जिन्हें उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से आवश्यकतानुसार उन्नत सहायक सामग्री और उपकरण उपलब्ध कराए गए।
सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत आयोजित इस वृहद शिविर के दौरान कुल 100 व्हीलचेयर, 86 ट्राईसाइकिल, 90 बैसाखी, 222 श्रवण यंत्र, 66 कृत्रिम हाथ-पैर, 10 वॉकर और 25 छड़ियों का वितरण किया गया, साथ ही 260 लाभार्थियों के दिव्यांग प्रमाण पत्र भी बनाए गए। शिविर के अंतिम दिन कुल 171 दिव्यांगजन पहुंचे, जिनमें कांकेर जिले से 135 और बस्तर जिले से 36 हितग्राही शामिल रहे। समापन के अवसर पर अंतिम दिन 61 श्रवण यंत्र, 43 बैसाखी, 34 कृत्रिम अंग, 10 छड़ी, 7 वॉकर, 2 ट्राईसाइकिल और एक व्हीलचेयर का वितरण किया गया।
उपकरण वितरण के साथ ही उपस्थित दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं से भी अवगत कराया गया। नए सहायक उपकरण पाकर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी साफ देखी गई, जिससे उनके आवागमन और दैनिक कार्यों में सुगमता आने के साथ उनके आत्मनिर्भर बनने की उम्मीद जगी है। जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि दिव्यांगजनों के कल्याण और पुनर्वास के लिए इस प्रकार के प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

