कलेक्टोरेट में सेवानिवृत्त 16 अधिकारी-कर्मचारियों का किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्टोरेट में सेवानिवृत्त 16 अधिकारी-कर्मचारियों का किया सम्मान


जगदलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। जिला कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में सोमवार को अक्टूबर माह में शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए 16 अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कलेक्टर आकाश छिकारा ने सभी सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए शॉल एवं श्रीफल सहित पेंशन प्राधिकार पत्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की मंगलकामना की।

इस सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि अपने जीवन के महत्वपूर्ण 30 से 40 वर्ष पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ शासकीय सेवा को देना अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा में विभिन्न नियमों, प्रक्रियाओं और जनअपेक्षाओं के बीच रहकर दायित्व निर्वहन करना एक बड़ी उपलब्धि है। छत्तीसगढ़ और विशेषकर बस्तर जिले के समग्र विकास में सभी शासकीय सेवकों का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।

कलेक्टर ने सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे स्वयं को केवल ‘रिटायर्ड’ न समझें, बल्कि यह उनके जीवन की एक नई और ऊर्जावान ‘सेकंड इनिंग्स’ की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि शासकीय दायित्वों के दौरान परिवार और व्यक्तिगत रुचियों के लिए समय निकालना कठिन हो जाता है, ऐसे में अब समय है कि वे अपने परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताएं, अपने स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लंबे सेवाकाल से अर्जित उनका ज्ञान और प्रशासनिक अनुभव समाज के लिए बेहद उपयोगी है, इसलिए वे अपने आसपास के नागरिकों और युवाओं को सही मार्गदर्शन देकर एक जागरूक नागरिक का दायित्व निभाते रहें।

इस अवसर पर कलेक्टर ने जिला कोषालय की कार्यप्रणाली की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने बताया कि नियमित टीएल बैठकों में समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाता है कि सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों के पेंशन, जीपीएफ, ग्रेच्युटी और अन्य स्वत्वों के प्रकरण समय पर तैयार हों। बस्तर जिले में अब लगभग 80 से 90 प्रतिशत मामलों में सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ और संबंधित लाभ उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो शासकीय सेवकों के हित में एक सराहनीय पहल है।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भी अपनी सेवा यात्रा के संस्मरण साझा किए। सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री बीआर बघेल ने अपने 39 वर्षों के सेवाकाल का उल्लेख करते हुए बस्तर में शिक्षा की गुणवत्ता, नवोदय विद्यालय चयन, एनएमएमएस छात्रवृत्ति और बोर्ड परीक्षाओं में आए सकारात्मक बदलावों में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के अवसर पर इस तरह का मान-सम्मान मिलना पूरे सेवाकाल की मेहनत को सार्थक बना देता है।

इस दाैरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अनिल कुमार पाठक सहित जिला कोषालय के अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के परिजन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story